उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, दो दिन पहले संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक हिज हाइनेस शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान के दुखद निधन पर राष्ट्र (भारत) की ओर से अपनी संवेदना व्यक्त करने के लिए आज अबू धाबी पहुंचे।
संयुक्त अरब अमीरात के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति, महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और शाही परिवार के अन्य सदस्यों और अबू धाबी के मुश्रीफ पैलेस में अमीराती गणमान्य व्यक्तियों के साथ मुलाकात करते हुए, उपराष्ट्रपति नायडू ने दिवंगत राष्ट्रपति के योगदान को याद किया और कहा कि “शेख खलीफा एक महान विश्व नेता और भारत के सच्चे दोस्त थे।”
दिवंगत राष्ट्रपति को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए, उपराष्ट्रपति नायडू ने कहा कि किस तरह शेख खलीफा ने शेख जायद की विरासत पर संयुक्त अरब अमीरात के विकास के लिए दूरदर्शी नेतृत्व किया और भारत-यूएई साझेदारी को बहुत मजबूत किया। उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी समुदाय का अच्छे तरीके से ध्यान रखा। उन्होंने कहा कि उनका दुखद निधन संयुक्त अरब अमीरात में भारतीय समुदाय के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
बैठक में, उपराष्ट्रपति ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान को अपनी शुभकामनाएं भी दीं। फरवरी 2022 में भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच अपनी भारत यात्रा और हाल ही में ऐतिहासिक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को याद करते हुए, उपराष्ट्रपति नायडू ने महामहिम शेख मोहम्मद के सक्रिय दृष्टिकोण और नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत-यूएई के बीच रणनीतिक साझेदारी आगे बढ़ती रहेगी और नए राष्ट्रपति के नेतृत्व और निर्देशन में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।