विश्वभर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में योग दिवस कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे। इस वर्ष का विषय है- वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में श्रोताओं से शारीरिक और मानसिक सक्रियता के लिए योग करने का आग्रह किया था।
इस वर्ष योग दिवस की थीम है – ‘योगा फॉर वसुधैव कुटुम्बकम’ यानि ‘एक विश्व-एक परिवार’ के रूप में सबके कल्याण के लिए योग। यह योग की उस भावना को व्यक्त करता है, जो सबको जोड़ने वाली और साथ लेकर चलने वाली है। हर बार की तरह इस बार भी देश के कोने-कोने में योग से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
मन की बात कार्यक्रम ने देश की सभी दिशाओं में लोगों को योग का संदेश देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री ने कल अपने मन की बात कार्यक्रम के संबोधन में कहा था कि 21 जून उन लोगों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है जो योग से जुडे हुए नहीं हैं।
साथियों इस बार मुझे न्यूयॉर्क के संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय यूएन में होने वाले योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलेगा। मैं देख रहा हूं कि सोशल मीडिया पर भी योग दिवस को लेकर गजब का उत्साह दिख रहा है। साथियों मेरा आप सभी से आग्रह है कि आप योग को अपने जीवन में जरूर अपनायें। इसे अपनी दिनचर्या का हि्स्सा बनायें। अगर अब भी आप योग से नहीं जुड़ें हैं तो आने वाले 21 जून इस संकल्प के लिए बेहतरीन मौका है।