गुजरात में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार तेज

गुजरात में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार अभियान चरम पर है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात दौरे के दूसरे दिन आज सौराष्ट्र क्षेत्र में चार जनसभाओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री का सौराष्ट्र क्षेत्र का दौरा भाजपा के लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि सौराष्‍ट्र को गुजरात में सत्ता की कुंजी माना जाता है।

सौराष्ट्र क्षेत्र की 48 विधानसभा सीटें 11 जिलों सुरेंद्रनगर, मोरबी, राजकोट, जामनगर, देवभूमि द्वारका, पोरबंदर, जूनागढ़, गिर सोमनाथ, अमरैली, भावनगर और बोटाड में फैली हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में, पाटीदार आंदोलन सहित विभिन्न राजनीतिक मुद्दों के कारण कांग्रेस ने इस क्षेत्र में 28 सीटों पर जीत हासिल की थी। जबकि, भारतीय जनता पार्टी के विधायकों की संख्या घटकर महज 19 रह गई थी। 2012 के चुनाव में भाजपा के यहाँ से 30 विधायक थे। भाजपा को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री की सभाओं के बाद सौराष्ट्र क्षेत्र में पार्टी की स्थिति बदलेगी। वहीं, कांग्रेस अपने प्रदर्शन को दोहराने की पूरी कोशिश कर रही है। उधर, आम आदमी पार्टी भी अपना खाता खोलने के लिए पुरजोर प्रयासकर रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कल वापी में एक रोड शो और वलसाड में जनसभा को संबोधित किया। उन्‍होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने का आग्रह करते हुए कहा कि देश का विकास वोट की ताकत से ही हुआ है। प्रधानमंत्री ने युवा और पहली बार मताधिकार का उपयोग करने वाले युवाओं से उज्जवल भविष्य के लिए मतदान करने को कहा।

Related posts

Leave a Comment