कोविड से बचाव के लिए एहतियाती टीका अब दूसरे टीके के छह महीने बाद लगवाया जा सकता है। इससे पहले एहतियाति टीका दूसरी खुराक के नौ महीने बाद लगाया जाता था। टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार दल ने इस अंतराल में संशोधन की सलाह दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय में सचिव राजेश भूषण ने इस बारे में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि हर घर दस्तक अभियान के अंतर्गत एहतियाती टीके का लाभ सभी लाभार्थियों को दिया जाए।
इस बीच, देश में कोविड टीकाकरण के अंतर्गत अब तक 198 करोड़ 31 लाख से अधिक टीके लगाए जा चुके हैं। कल 10 लाख से अधिक टीके लगाए गए। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को छह करोड़ 16 लाख से अधिक टीके लगाए जा चुके हैं। स्वास्थ्य कर्मियों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं और 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों सहित पात्र लाभार्थियों को चार करोड़ 79 लाख एहतियाती डोज दी गई हैं।
