केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने आज अरुणाचल प्रदेश में तवांग के यांगत्से इलाके का दौरा किया। उन्होंने कहा है कि बड़ी संख्या में तैनात भारतीय जवानों की बहादुरी के कारण यह इलाका पूरी तरह सुरक्षित है।
किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान की निंदा की जिन्होंने कहा था कि चीन, युद्ध की तैयारियों में जुटा है, लेकिन सरकार उस तरफ ध्यान नहीं दे रही। किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी का बयान भारतीय सेना का अपमान और देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी न सिर्फ कांग्रेस पार्टी, बल्कि देश के लिए भी परेशानी का सबब बन गये हैं।
अरुणाचल प्रदेश से सांसद किरेन रिजिजू ने कहा कि देश को अपनी सेना पर गर्व है। तवांग के लोगों ने भी राहुल गांधी के बयान की निंदा की है।