राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शीत लहर और कोहरे की स्थिति जारी है। उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में चल रही शीतलहर के बीच दिल्ली के सफदरजंग में सुबह 8.30 बजे तक न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस, पालम में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम और सफदरजंग क्षेत्र में दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ के कारण तेज हवाएं चलने से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोहरे की स्थिति में सुधार हुआ है।
कोहरे के कारण उत्तर रेलवे क्षेत्र में भारतीय रेलवे की 23 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।