आज विश्व बुज़ुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस है। वर्ष 2011 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने पंद्रह जून को यह दिवस मनाने का संकल्प लिया था। आज के दिन विश्व भर में बुजुर्ग लोगों के प्रति सम्मान जताने के अलावा उनकी देखभाल और उनके अधिकारों के बारे में जागरूकता पैदा की जाती है।
बुज़ुर्ग लोगों को न केवल गम्भीर बीमारियों का खतरा रहता है, बल्कि उन्हें कभी-कभी आयु संबंधी भेदभाव और मानवाधिकार उल्लंघन का भी सामना करना पड़ता है। कोविड महामारी के दौरान ऐसे बहुत से मामले देखने को मिले हैं।
इस वर्ष इस दिवस का विषय है-न्याय तक पहुंच। इसके तहत बुज़ुर्ग लोगों को उचित सुविधाओं और देखभाल के साथ ही भेदभाव रहित जीवन बिताने के लिए अदालतों तक पहुंच के अधिकार का प्रावधान करने के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा की जाती है।