हैदराबाद के कई भागों में कल शाम तेज वर्षा हुई। मनिकोंडा में रात नौ बजे तक चार सेंटीमीटर, उप्पल में चार दशमलव चार सेंटीमीटर और एल.बी. नगर में चार दशमलव तीन सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। सरूरनगर, बांदलागुडा, कुकटपल्ली, मुशीराबाद, मारेदपल्ली, खैरताबाद और अंबरपेट से भी भारी बारिश की खबर मिली है।
मौसम विभाग ने बताया कि हैदराबाद शहर सहित तेलंगाना के कई हिस्सों में कल भी मध्यम से तेज वर्षा होने की संभावना है। हैदराबाद मौसम विभाग की निदेशक डॉ नागरत्ना ने बताया कि उत्तर-पूर्वी और पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी पर बना विक्षोभ, 12 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिम की ओर बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि राज्य के उत्तरी और पूर्वी जिलों में कल बहुत तेज वर्षा का अनुमान देखते हुए ऑरेंज एलर्ट जारी किया गया है।