सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड-BCCI को नियमों में संशोधन की अनुमति दे दी है। इसके अनुसार बोर्ड अपने अध्यक्ष, सचिव और अन्य पदाधिकारियों से संबंधित अनिवार्य कार्य मुक्त अवधि के बारे में संशोधन कर सकता है। संशोधन के बाद बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली और सचिव जय शाह BCCI में लंबे कार्यकाल के लिए अपने पद पर रह सकते हैं।
न्यायालय बोर्ड के अध्यक्ष, सचिव और अन्य पदाधिकारियों के लिए अनिवार्य पद मुक्ति अवधि से संबंधित नियमों में संशोधन के मामले पर सुनवाई कर रहा था। न्यायमूर्ति डी.वाई. चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति हिमा कोहली की खंडपीठ ने बीसीसीआई को अपने विधान में संशोधन की अनुमति दी। बीसीसीआई ने इसके लिए शीर्ष अदालत से मांग की थी। याचिका में बोर्ड अध्यक्ष सौरव गांगुली और इसके सचिव जय शाह का कार्यकाल बढ़ाने की भी शीर्ष अदालत से अनुमति मांगी गई थी।
