केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि सरकार ने विरोध प्रदर्शन करने वाले पहलवानों को ओवरसाइट कमेटी के समक्ष प्रस्तुत होने का एक मौका दिया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की प्रतिबद्धता दोहराई। कल शिमला में एक संवाददाता सम्मेलन में अनुराग ठाकुर ने कहा कि उन्होंने सभी की शिकायतें सुनीं और बात करने के बाद समिति का गठन किया। उन्होंने बताया कि पहलवानों ने समिति में बबिता फोगाट को शामिल करने को कहा था, जिसे स्वीकार कर लिया गया। खेल मंत्री ने फिर कहा कि खेल और खिलाड़ियों की भलाई ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
पहलवानों के विरोध पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, हमने निष्पक्ष चुनाव के लिए IOA को अधिकार दे दिया, जिसने कल अपनी एक समिति गठित कर दी। ये समिति वहां पर चयन प्रक्रिया, टूर्नामेंट आयोजन और आंतरिक शिकायत समिति का गठन करेगी। सभी कदम उसी दिशा में हैं। पिछली बार भी मैंने (पहलवानों से) मुलाकात की। उनसे बात कर समिति का गठन किया गया। उस समिति के सामने सभी को पेश होने का अवसर दिया गया। समिति में महिलाओं को ज्यादा तादाद में रखा गया क्योंकि महिला के सामने वो खुलकर अपनी बात रख सकती हैं।