विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रहमण्यम जयशंकर आज नई दिल्ली में विभिन्न दलों के नेताओं को अफगानिस्तान के मौजूदा हालात की जानकारी देंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अफगानिस्तान में वर्तमान स्थिति को देखते हुए सरकार ने फैसला किया है कि अफगान नागरिक केवल ई-वीज़ा के द्वारा ही भारत आ सकेंगे।
विभिन्न दलों के नेताओं के साथ होने वाली चर्चा के दौरान सरकार द्वारा अफगानिस्तान में फंसे भारतीयों को निकालने और उस देश के मौजूदा स्थिति के आकलन के बारे में जानकारी दिये जाने की संभावना है। तालिबान द्वारा अफगानिस्तान कब्जा किये जाने के बाद वहां से छह सौ से अधिक लोगों को भारत लाया जा चुका है। भारत द्वारा काबुल, दुशांबे और दोहा से विभिन्न उडानों के जरिये लोगों को वापस लाया गया है। काबुल से भारतीयों को वापस लाये जा रहे इस मिशन को ऑपरेशन दिव्यशक्ति का नाम दिया गया है। सरकार ने कहा है कि वह अफगानिस्तान ने फंसे भारतीयों को सुरक्षित लाने के लिए प्रतिबद्ध है।