वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने COP28 से पहले जलवायु वित्त पोषण और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण पर ठोस कार्रवाई की मांग की है। वित्त मंत्री सोमवार को वर्चुअल माध्यम से भारत ग्लोबल फोरम मध्य पूर्व और अफ्रीका 2023 के उद्घाटन समारोह में बोल रही थीं। ‘अनलीशिंग एम्बिशन्स’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में भारत, मध्य पूर्व और अफ्रीका के बीच सहयोग के अवसरों का पता लगाने के लिए व्यापारिक नेताओं, नीति निर्माताओं और मशहूर हस्तियों के बीच बैठक हुई। सीतारमण ने जलवायु वित्त और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण में प्रगति की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बहुत सारी बातें हुईं हैं लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका है जिससे कि पूंजी उपलब्ध हो और प्रौद्योगिकी स्थानांतरित की जा सके। तुरंत कार्रवाई पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि सीओपी 28 को प्रौद्योगिकी के हस्तांतरण और वास्तविक वित्त पोषण दोनों के लिए दिशा दिखानी चाहिए।
विकासशील और उभरती बाजार अर्थव्यवस्थाओं के सामने आने वाली चुनौतियों को संबोधित करते हुए उन्होंने सीओपी28 में ठोस परिणामों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने जोर देकर कहा कि बातचीत और चर्चा जलवायु कार्रवाई के लिए सार्थक कदमों में तब्दील होनी चाहिए, विशेष रूप से वित्त पोषण और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।