विंग्‍स इंडिया-2024 प्रदर्शनी कल हैदराबाद के बेगमपेट हवाई अड्डे पर शुरू होगी

विंग्‍स इंडिया-2024 प्रदर्शनी कल हैदराबाद के बेगमपेट हवाई अड्डे पर शुरू होगी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया औपचारिक-रूप से इस आयोजन का शुभारंभ करेंगे। इसे नागरिक उड्डयन मंत्रालय और फिक्‍की के सहयोग से भारतीय विमानपत्‍तन प्राधिकरण आयोजित कर रहा है।

विंग्‍स इंडिया एशिया में सबसे बडी नागरिक उड्डयन प्रदर्शनी मानी जाती है। चार दिन के विंग्‍स इंडिया शो में नई पीढी के विमान, संबंधित उड्डयन सेवाएं, सहायक उद्योगों और पर्यटन क्षेत्र में प्रगति को दिखाया जाएगा।

यह आयोजन दुनियाभर के उड्डयन उद्योग से संबंधित पक्षों और प्रतिभागियों को एक मंच पर लाने, नवाचार दिखाने, सहयोग बढाने और कारोबार के नये अवसर तलाशने का मौका देगा। इस बार विंग्‍स इंडिया का विषय है-अमृतकाल में भारत का विश्‍व से जुडाव।

इस आयोजन में सौ से अधिक देशों के लगभग डेढ हजार डेलीगेट, कारोबारी जगत के करीब पांच हजार प्रतिनिधियों और एक लाख से अधिक दर्शकों के शामिल होने की उम्‍मीद है। इस शो में नवीनतम बोइंग विमान 777-9 और एयर बस ए-350 को पहली बार दिखाया जाएगा।

Related posts

Leave a Comment