लोकसभा में आज अंतर्देशीय जलयान विधेयक, 2021 पेश किये जाने के लिए निर्धारित है। इस विधेयक में अंतर्देशीय जलमार्गों और नौपरिवहन से संबंधित कानून लागू करने में एकरूपता लाने के माध्यम से किफायती और सुरक्षित परिवहन और व्यापार को बढ़ावा देने का प्रावधान है।
लोकसभा की कार्यसूची के अनुसार रक्षामंत्री राजनाथ सिंह अनिवार्य रक्षा सेवा विधेयक-2021 पेश करेंगे। इस विधेयक में राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जनता के जानमाल की रक्षा करने के लिये अनिवार्य रक्षा सेवाओँ के रखरखाव का प्रावधान किया गया है।
वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन सदन में फैक्टर विनियमन (संशोधन) विधेयक 2020, विचार करने और पारित किये जाने के लिए पेश करेंगी।
राज्य सभा में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्वनी वैष्णव मीडिया में आई खबरों के अनुसार कुछ व्यक्तियों के फोनडाटा की गोपनीयता भंग करने के बारे में वक्तव्य देंगे। इसके अलावा नौचालन के लिए समुद्री सहायता विधेयक 2021 पर आगे चर्चा होगी।