लोकसभा चुनाव के लिए तेलंगाना में केन्द्रीय पुलिस बल की लगभग 40 कंपनियां राज्य के अलग-अलग जिलो में पहुंच गई हैं। चुनाव अधिकारी ने बताया कि पुलिस बल विभिन्न स्थानों पर फ्लैग मार्च कर रहा है। जिससे निर्भय होकर लोग अपने मतदान के अधिकार का उपयोग कर सकें। इस बीच, निर्वाचन आयोग ने केन्द्र, राज्य और केन्द्रशासित प्रदेशों के प्रशासनों को रेलवे और हवाई अड्डों जैसी सरकारी सम्पत्तियों से सभी अनाधिकृत राजनीतिक पोस्टरों को तत्काल हटाने के निर्देश दिये हैं। आयोग ने इस मामले में रिपोर्ट आज शाम पांच बजे तक भेजने को कहा है।
निर्वाचन आयोग को कई पक्षों से शिकायत मिल रही है कि अनाधिकृत राजनीतिक विज्ञापन देश के कई स्थानों पर अभी भी प्रदर्शित किये जा रहे हैं। निर्वाचन आयोग ने अपने निर्देशों का अनुपालन न होने की या आंशिक अनुपालन होने को गम्भीरता से लिया है। आयोग ने सभी राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के प्रशासनों को सभी अनाधिकृत राजनीतिक विज्ञापनों को तुरन्त हटाने का निर्देश दिया है।