लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन; दूसरे चरण की अधिसूचना कल जारी होगी

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन; दूसरे चरण की अधिसूचना कल जारी होगी

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने का आज आखिरी दिन है, जबकि बिहार में नामांकन पत्र कल तक दाखिल किए जा सकेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि पहले चरण में 17 राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों की 102 लोकसभा सीटों पर चुनाव होंगे।

इस चरण में तमिलनाडु की 39, राजस्थान की 12, उत्तर प्रदेश की आठ, मध्य प्रदेश की छह, उत्तराखंड, असम और महाराष्ट्र की पांच-पांच, बिहार की चार, पश्चिम बंगाल की तीन, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और मेघालय की दो-दो सीटों तथा छत्तीसगढ़, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, जम्मू-कश्मीर, लक्षद्वीप तथा पुदुचेरी की एक-एक सीट पर मतदान होगा। नामांकन पत्रों की जांच 28 मार्च को होगी और 30 मार्च तक नाम वापस लिये जा सकते हैं। बिहार में नामांकन पत्रों की जांच 30 मार्च को की जाएगी और दो अप्रैल तक नाम वापस लिये जा सकेंगे। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा। दूसरे चरण के लिए विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 89 लोकसभा सीटों के लिए अधिसूचना कल जारी की जायेगी।

दूसरे चरण के चुनाव के लिए अधिसूचना कल जारी की जाएगी। इस चरण में 12 राज्‍यों और केन्‍द्र शासित प्रदेशों की 89 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव होगा। दूसरे चरण में केरल की 20, कर्नाटक की 14, राजस्‍थान की 13, उत्तर प्रदेश और महाराष्‍ट्र की आठ-आठ, मध्‍य प्रदेश की 7, असम और बिहार की 5-5, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ की तीन-तीन, मणिपुर, त्रिपुरा और जम्‍मू कश्‍मीर की एक-एक सीट पर चुनाव होगा। उम्‍मीदवार 4 अप्रैल तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे और मतदान 26 अप्रैल को होगा। जम्‍मू-कश्‍मीर को छोडकर सभी राज्‍यों और केन्‍द्र शासित प्रदेशों में नामांकन पत्रों की जांच 5 अप्रैल को की जाएगी। जम्‍मू-कश्‍मीर में नामांकन पत्रों की जांच 6 अप्रैल को होगी।

Related posts

Leave a Comment