दिल्ली समेत उत्तर भारत में ठंड बढ़ गई है। दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह घना कोहरा रहा। मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली, हरियाणा समेत मैदानी इलाकों के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की सम्भावना व्यक्त की है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर हवा का स्तर बेहद खराब श्रेणी पर पहुंच गया। आज सुबह राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) का औसत स्तर 315 पार दर्ज किया गया। सुबह कोहरे के साथ हवा में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ा।
कुछ दिनों से दिल्ली के एक्यूआई में सुधार के साथ हवा का स्तर सामान्य था लेकिन तापमान गिरने के साथ 21 दिसंबर तक हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रहने का अनुमान है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने अगले छह दिन हवा की गुणवत्ता काफी हद तक खराब श्रेणी में रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
