राष्‍ट्र आज 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है

राष्‍ट्र आज 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है

राष्‍ट्र, आज 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्‍व में नयी दिल्‍ली में कर्तव्‍य पथ पर गणतंत्र दिवस समारोह होगा। मिस्र के राष्‍ट्रपति अब्‍देल फतह अल सिसी समारोह में मुख्‍य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। गणतंत्र दिवस परेड में राष्‍ट्र की सैन्‍य क्षमता, सांस्‍कृतिक विविधता, आत्‍मनिर्भरता, नारी सशक्तिकरण, और नए भारत के उदय का प्रदर्शन किया जायेगा।

गणतंत्र दिवस परेड की शुरूआत विजय चौक से सुबह साढ़े दस बजे होगी और यह लाल किला की ओर बढ़ेगी। समारोह की शुरूआत में प्रधानमंत्री राष्‍ट्रीय समर स्‍मारक पर जायेंगे और शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। राष्‍ट्रगान के साथ राष्‍ट्रीय ध्‍वज फहराया जायेगा और 21 तोपों की सलामी दी जाएगी।

इस वर्ष के गणतंत्र दिवस समारोह की योजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना के अनुसार विभिन्न आयोजनों में अधिकतम जन भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बनायी गई है।

गणतन्त्र दिवस समारोह की शुरुआत 23 जनवरी को पराक्रम दिवस समारोह के साथ शुरू हुई, जो 30 जनवरी को समाप्त होगा, जिसे शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है। वहीं 29 जनवरी को बीटिंग द रिट्रीट समारोह के दौरान तीन हजार पांच सौ स्वदेशी ड्रोन रायसिना हिल्स को रोशन करेंगे। गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए छह हजार से ज्यादा सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया है। वहीं परेड देखने वाले लोगों की मदद के लिए 24 हेल्प डेस्क लगाए गए हैं। इस वर्ष परेड समारोह में प्रवेश केवल पास पर दिए गए क्यू आर कोड के आधार पर ही होगा।

जम्मू-कश्मीर: 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर श्रीनगर के लाल चौक स्थित क्लॉक टॉवर पर तिरंगा फहराया गया।
दिल्ली: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर डीआईजी बीएसएफ संजय गौड़ ने अटारी-वाघा सीमा पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुंबई में अपने सरकारी आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
उत्तराखंड: राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
गुजरात: बोटाड में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्यपाल आचार्य देवव्रत 74वें गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल हुए।
मिजोरम: मुख्यमंत्री ज़ोरमथांगा ने 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आइजोल के मुख्यमंत्री कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
जयपुर (राजस्थान): आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने जामडोली के केशव विद्यापीठ में 74वें गणतंत्र दिवस समारोह में हिस्सा लिया।
बिहार: राज्यपाल फागू चौहान ने 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पटना में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
दिल्ली: भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह ने पार्टी मुख्यालय में तिरंगा फहराया।
महाराष्ट्र: मुंबई में 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश लालवानी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
भुवनेश्वर: ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल ने 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान मुख्यमंत्री नवीन पटनायक भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणतंत्र दिवस पर सभी देशवासियों को बधाई दी।
तमिलनाडु: चेन्नई में 74वें गणतंत्र दिवस पर राज्यपाल आरएन रवि और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की उपस्थिति में तिरंगा फहराया गया।
राजस्थान: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर जयपुर के मुख्यमंत्री आवास पर तिरंगा फहराया।

Related posts

Leave a Comment