म्यांमार की सैन्‍य सरकार ने 2020 के चुनाव परिणामों को निरस्‍त किया

म्यांमार की सैन्‍य सरकार ने 2020 के चुनाव परिणामों को निरस्‍त किया

म्यांमार की सैन्‍य सरकार ने 2020 के चुनाव परिणामों को निरस्‍त कर दिया है और कहा है कि यह चुनाव स्‍वतंत्र और निष्‍पक्ष नहीं हुए थे। इस चुनाव में आंग सान सू ची की पार्टी को जीत मिली थी। म्यांमार में तख्‍ता पलट में नोबेल पुरस्‍कार से सम्‍मानित सू ची को नजरबंद करने के लगभग छह महीने बाद चुनाव निरस्‍त किया गया है।

सैनिक शासन के चुनाव आयोग ने कहा है कि जांच से इन चुनाव में धोखाधड़ी के एक करोड़ दस लाख से अधिक मामलों का पता चला है। चुनाव में सू ची की नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी-एनएलडी पार्टी ने सैनिक गठबंधन वाले विपक्षी दलों को बुरी तरह से हरा दिया था। आयोग के अध्‍यक्ष थीन सोइ ने कहा है कि एनएलडी ने कोविड प्रतिबंधों का दुरुपयोग करते हुए विपक्षी दलों और उम्‍मीदवारों से सत्‍ता लेने का प्रयास किया। उन्‍होंने नए चुनाव कराने के बारे में कोई बात नहीं की। सैनिक शासन ने पहले कहा था कि वह दो वर्षों में नए चुनाव कराएगा लेकिन उसने एनएलडी भंग करने की भी धमकी दी थी।

तख्‍ता पलट के बाद सू ची नजरबंद हैं और उन पर अवैध तरीके से वॉकी टाकी आयात करने के लिए कोरोना प्रतिबंधों का उल्‍लंघन करने जैसे कई आरोप हैं। इसके लिए उन्‍हें दस साल से अधिक की सजा हो सकती है। स्‍थानीय निगरानी समूह के अनुसार सेना के सत्‍ता हथियाने के बाद से म्‍यामां में अशांति बनी हुई है और असंतुष्‍टों पर कड़ी कार्रवाई में नौ सौ से अधिक लोग मारे गए हैं।

Related posts

Leave a Comment