तेलंगाना में कई स्थानों पर तेज बारिश होने के आसार हैं। हैदराबाद के मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों में 23 जिलों में तेज से बहुत तेज बारिश होने की आशंका जताई है। मुलुगू जिले के कन्नाईगुडेम में कल नौ दशमलव छह सेन्टीमीटर की अधिकतम बारिश दर्ज की गई है। निजामाबाद और करीमनगर जिलों में कई स्थानों पर भी पिछले चौबीस घण्टों के दौरान बहुत तेज बारिश दर्ज हुई है। कम दबाव के क्षेत्र के कारण जगतियाल, पेड्डापल्ली और भूपालापल्ली जैसे उत्तरी तेलंगाना के जिलों में तेज बारिश हुई।
इस बीच मौसम विभाग ने तेलंगाना के उत्तरी भागों के सभी जिलों के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले कुछ दिनों में तेज से बहुत तेज बारिश होने की संभावना है। हैदराबाद और इसके आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से बहुत तेज बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि हैदराबाद सहित राज्य के कई स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली चमकने और ओलावृष्टि होने की संभावनाएं हैं। लोगों को पेडों के नीचे आश्रय लेने के बजाय पक्के भवन में रहने की सलाह दी गई है।
