मिस्र के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री को अपने देश के सर्वोच्च सम्मान ऑर्डर ऑफ द नाइल से सम्मानित किया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल सीसी से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच रणनीतिक भागीदारी को और सुदृढ करने के तौर तरीकों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने आपसी व्यापार, निवेश, ऊर्जा संबंधों तथा आम जनता के आपसी संपर्क सुधारने पर भी विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति सीसी ने काहिरा में एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी हेलियोपोलिस युद्ध स्मारक गए जहां उन्होंने उन भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने प्रथम विश्व युद्ध के दौरान अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। प्रधानमंत्री मोदी अल हकीम मस्जिद भी गए और इमामों से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री कल अपनी पहली मिस्र यात्रा पर काहिरा पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने अमरीका की यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न की थी।