महाराष्ट्र में शिवसेना के असंतुष्ट नेता और कैबिनेट मंत्री एकनाथ शिंदे कल शाम से ही पार्टी नेतृत्व के संपर्क में नहीं हैं। गुजरात से हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि एकनाथ शिंदे के साथ शिवसेना के लगभग 29 विधायक हैं, जो सूरत के ली-मैरीडियन होटल में ठहरे हैं।
रायगढ के तीन पार्षदों सहित इन विधायकों से भी कल रात से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। माना जाता है कि प्रदेश भाजपा प्रमुख सी.आर. पाटिल ने होटल में शिवसेना विधायकों से मुलाकात की । विधायक नितिन देशमुख को बीमार होने के कारण सूरत के सिविल अस्पताल में ले जाया गया था, लेकिन बाद में उन्हें उसी होटल में लाया गया, जहां एकनाथ शिंदे के साथ अन्य विधायक ठहरे हैं।
सूत्रों ने बताया कि एकनाथ शिंदे और अन्य विधायकों को अहमदाबाद के निकट साणंद में किसी होटल में ले जाया जा सकता है।
इस बीच, शिवसेना के राज्य सभा सांसद और पार्टी प्रवक्ता संजय राउत ने कहा कि एकनाथ शिंदे का पक्ष जानने के बाद ही वे कोई टिप्पणी करेंगे। एकनाथ शिंदे महाविकास अघाडी सरकार में शहरी कार्य मंत्री हैं।
इस बीच शिवसेना अध्यक्ष और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने ताजा घटनाक्रम पर मुंबई में अपने सरकारी निवास पर सभी पार्टी विधायकों की बैठक बुलाई है।
कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व ने भी अपने विधायकों की बैठक बुलाई है।
अचानक हुए राजनीतिक घटनाक्रम के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेन्द्र फडणवीस दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। वे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर सकते हैं।