आज का अखबार हिंदी 30 दिसंबर 2023: आज की ताजा खबर न्यूज़ पेपर

आज का अखबार हिंदी 30 दिसंबर 2023: आज की ताजा खबर न्यूज़ पेपर

22 जनवरी को घरों में जलाएं श्रीराम ज्‍योति, मनाएं दिवाली। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का आह्वान आज अधिकतर अख़बारों ने प्रकाशित किया है। दैनिक जागरण ने प्रधानमंत्री के हवाले से लिखा है- पूरी दुनिया को रामलला की प्राण प्रतिष्‍ठा का इंतजार, 23 जनवरी के बाद अयोध्‍या धाम जरूर आएं। वहीं, वीर अर्जुन के अनुसार, मोदी के दौरे से राम-मय हुई अयोध्‍या। पंजाब केसरी, हरिभूमि और देशबंधु के शब्‍द हैं- विरासत की भव्‍यता, अयोध्‍या में 46 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्‍यास।

दैनिक ट्रिब्‍यून ने लिखा है- भारत को सबसे आगे ले जाएगी विकास और विरासत की ताकत। दैनिक‍ भास्‍कर की ख़बर है- लंबी दूरी या ओवर नाइट जर्नी पर मिल सकती है कन्‍फर्म सीट, रेलवे करेगा ए.आई. की मदद से जल्‍द नई व्‍यवस्‍था। नवभारत टाइम्‍स की सुर्खी है-पहली जनवरी से यू.पी.आई. पेमेंट से खरीद सकेंगे शेयर। नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने किया है विशेष इंतजाम। राजस्‍थान पत्रिका ने ”इन कामों का आज अंतिम दिन” शीर्षक से जानकारी दी है- सिम कार्ड खरीदने के लिए अब सिर्फ ई.के.वाई.सी. होगी, आई.टी.आर. दाखिल करने पर होगा जुर्माना, बैंक लॉकर कॉन्‍ट्रेक्‍ट पर हस्‍ताक्षर जरूरी। आधार अपडेट के लिए देना होगा शुल्‍क और निष्क्रिय यू.पी.आई. बंद हो जाएंगे।

अमर उजाला की यह ख़बर ध्‍यान आकृष्‍ट करती है- नए साल में पर्यटकों का हुजूम शिमला-मनाली पैक, वैष्‍णो देवी और हिमाचल के सभी शक्ति पीठों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़। हिन्‍दुस्‍तान ने नव वर्ष के आगमन को देखते हुए विशेष आलेख में लिखा है- सम्‍भलकर मनाएं जश्‍न, नियम तोड़ना भारी पड़ेगा। अंतरिक्ष की ऊंचाई और समुद्र की गहराई नापेगा भारत- जनसत्‍ता के मुख पृष्‍ठ पर है। पत्र लिखता है- 2024 में समुद्र यान और गगनयान की तैयारी।

हरिभूमि के खेल पन्‍ने की सुर्खी है- भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्‍तान होंगी सविता पूनिया, 13 से 19 जनवरी तक रांची में होने वाले ओलिम्पिक क्‍वालीफायर में 18 सदस्‍यीय टीम की कमान सम्‍भालेंगी। देशबंधु ने मौसम के बारे में लिखा है- ठंड के साथ जारी रहेगा कोहरे का सितम, अगले दो दिन के दौरान इसके पूर्वी भारत तक बढ़ने का अनुमान।

Related posts

Leave a Comment