महाराष्‍ट्र और विदर्भ क्षेत्र में मूसलाधार बारिश जारी

महाराष्‍ट्र और विदर्भ क्षेत्र में कल रात से मूसलाधार बारिश हो रही है। बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। गढ़ चिरौली जिले में अहेरी तालुका में बाढ़ के पानी में ट्रक में सवार पांच यात्री बह गए। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, ट्रक से तीन शव आज बरामद कर लिए गए हैं और बाकी दो के लिए सघन तलाश अभियान चल रहा है।

बारिश से जुड़ी एक अन्‍य घटना में गढ़चिरौली जिले के ही भामरागढ़ तालुका में राज्‍य बिजली वितरण कंपनी का एक वरिष्‍ठ इलेक्ट्रिशियन पानी में बह गया।

अमरावती जिले में कल बिजली गिरने से एक चरवाहे की मौत हो गई। लगातार बारिश से धामनगांव रेलवे तालुका में एक पुल के पानी में डूब जाने से अनेक गांवों का संपर्क अमरावती जिले के शेष हिस्‍सों से कट गया है। निबोली गांव में अनेक घरों में पानी घुस गया है। प्रशासन स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं। लगातार बारिश से इलाके में फसलों को भारी क्षति हुई है।

Related posts

Leave a Comment