नॉटिंघम में ट्रेंट ब्रिज में भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा और अंतिम टी-20 क्रिकेट मैच आज खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा।
भारत श्रृंखला में पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त ले चुका है। कल रात बर्मिंघम में एजबेस्टन में भारत ने मेजबान टीम को 49 रन से हरा दिया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 170 रन बनाए। भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने सबसे ज्यादा 29 गेंदों में नाबाद 46 रन बनाये। कप्तान रोहित शर्मा ने 31 और ऋषभ पंत ने 26 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से क्रिस जॉर्डन ने 4 विकेट लिए, जबकि अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल रहे रिचर्ड ग्लीसन ने तीन विकेट लिए।
भारतीय लक्ष्य के जवाब में इंग्लैंड की टीम 17 ओवर में एक सौ 21 रन पर ही सिमट गई। इसके खिलाड़ी मोईन अली ने सबसे ज्यादा 21 गेंद में 35 रन बनाए। डेविड विली ने नाबाद 33 रन बनाए।
भुवनेश्वर कुमार ने भारत की ओर से तीन विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह और युजवेंद्र चहल ने दो-दो विकेट झटके। भारत ने साउथेम्प्टन में पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच 50 रन से जीता था।