मध्य प्रदेश के गुना जिले से 7 किलोमीटर दूर कल रात डंपर से टक्कर से एक बस में आग लग गई, जिससे 13 लोगों की मौत हो गई और 16 घायल हो गए थे। दुर्घटना के समय बस आरोन की ओर जा रही थी, जबकि डंपर गुना की ओर जा रहा था। गुना जिले के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के समय बस में लगभग 30 यात्री थे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना को लेकर दुख जताया और मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने घटना की जांच के भी आदेश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज गुना के जिला क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रवि बरेलिया और मुख्य नगर पालिका अधिकारी बी.डी. कतरोलिया को निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री ने आज गुना के शासकीय जिला अस्पताल में घायल यात्रियों से मुलाकात की और डॉक्टरों को उचित उपचार के निर्देश दिये। डॉ. यादव ने कहा कि घटना की जांच की जायेगी।