मणिपुर के अधिकांश जिलों में कानून और व्यवस्था की स्थिति में सुधार हो रहा है और पिछले चौबीस घंटों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। राज्य पुलिस और केंद्रीय बल राज्य के पहाड़ी और घाटी जिलों में संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त, फ्लैग मार्च और तलाशी अभियान चला रहे हैं। पुलिस रिपोर्ट में कहा गया है कि संयुक्त बलों ने सेरौ गांव से मोलबेम गांव तक तलाशी अभियान के दौरान विभिन्न कैलिबर के एक सौ बारह खाली डिब्बे, बारह बोर बंदूकों के दो राउंड जिन्दा कारतूस और स्थानीय रूप से निर्मित विस्फोटक बरामद किए। ये गांव मणिपुर के काकचिंग और चूडाचांदपुर जिलों के निकटवर्ती क्षेत्र में स्थित हैं।
भारतीय सेना और असम राइफल्स ने कल इंफाल पूर्वी जिले में एक तलाशी अभियान चलाया और पुलिस से छीने गए हथियारों और गोला-बारूद की अवैध बिक्री में शामिल होने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। पहाड़ी और घाटी जिलों में जांच चौकियों की संख्या में वृद्धि की गई है। पुलिस ने राज्य के विभिन्न जिलों में कर्फ्यू का उल्लंघन करने पर चार सौ से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने आज खुमान लैंपक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के यूथ हॉस्टल में खोले गए एक राहत शिविर का दौरा किया और वहां रह रहे लोगों के लिए कपड़े और व्यक्तिगत सामान के लिए एकमुश्त वित्तीय सहायता योजना शुरू की। उन्होंने कहा कि जो लोग विभिन्न राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं, उनके लिए इंफाल-पूर्व और बिष्णुपुर जिले में पहले ही अस्थायी घर बनाए जा चुके हैं।