भारतीय वायु सेना का दल दुबई के अल-मख्तूम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज से शुरू हो रहे द्विवार्षिक एयर शो में हिस्सा लेगा। यह एयर शो 18 नवंबर तक चलेगा। संयुक्त अरब अमारात सरकार ने भारतीय वायुसेना को अपने सारंग और सूर्य किरण एयरोबेटिक्स दल के साथ एयर शो में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। एयरोबेटिक्स और एयर शो के अलावा वैमानिकी उद्योग के विभिन्न तकनीकी पक्षों पर भी वहां विचार-विमर्श किया जाएगा। और ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
दुबई एयर शो 2021 एक महत्वपूर्ण अवसर है जिसमे वैश्विक वैमानिकी उद्योग के भविष्य का विश्लेषण होगा। इस दौरान आधुनिकी प्रौद्योगिकी को प्रदर्शित किया जाएगा और 5जी, साइबर सुरक्षा, कृत्रिम मेधा तथा ब्लॉकचेन से संबंधित विषयों पर कार्यक्रम भी होंगे। वैमानिकी, रक्षा और सेना, विमानों के आंतरिक पहलुओं से संबंधित व्यवसायिक क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञों का स्वागत करते हुए यह कार्यक्रम रणनीतियों पर पुनर्विचार, अनिश्चितताओं से जुड़े क्षेत्रों की पहचान और उद्योग को सुविधाजनक तरीके से पुनर्स्थापित करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद करेगा। अंतर्राष्ट्रीय वायु यातायात संघ की ताजा रिपोर्ट के अनुसार इस वर्ष के उत्तरार्ध में पहले के मुकाबले सुधार देखने को मिलेगा। कोरोना की जांच और टीकों की व्यापक उपलब्धता के बाद 2021 में सीमाओं को खोले जाने के कारण यात्राओं की बढ़ी मांग को देखते हुए लागत में भारी कटौती की भी संभावना है।