भारतीय वायु सेना आज अपनी स्थापना की नवासी-वीं वर्षगांठ मना रही है। पिछले आठ दशकों में भारतीय वायुसेना ने तकनीकी विकास किया है और राष्ट्र के समक्ष किसी भी खतरे का मुकाबला करने के लिए पर्याप्त शक्तियां हासिल की हैं। यह भारतीय आकाश की रक्षा करने के प्रति संकल्पबद्ध रही है और इसने प्राकृतिक आपदाओं के समय भी देश के लोगों की सहायता करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस अवसर पर परम्परागत रूप में गाजियाबाद स्थित वायु सेना केन्द्र हिंडन में विभिन्न विमानों द्वारा शानदार हवाई प्रदर्शन और परेड तथा अलंकरण समारोह आयोजित किया जा रहा है।
वायु सेना अध्यक्ष एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी परेड का निरक्षण करेंगे। इस समारोह में कई गणमान्य और विशिष्ट व्यक्ति हिस्सा लेंगे। हवाई प्रदर्शन में धरोहर विमान, आधुनिक परिवहन विमान और अग्रिम पंक्ति के लडाकू विमान हिस्सा लेंगे। समारोह का समापन मंत्रमुग्ध कर देने वाली हवाई कला-बाजी के साथ होगा।