भारत ने महिला एशिया कप क्रिकेट का खिताब जीत लिया है। सिलहट में कल फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को आठ विकेट से हराकर सातवीं बार खिताब अपने नाम किया। रेणुका सिंह को प्लेअर ऑफ द मैच और दीप्ति शर्मा को प्लेअर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 7वां महिला एशिया कप जीतने पर बधाई दी है।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के एक ट्वीट के जवाब में प्रधानमंत्री ने कहा; “हमारी महिला क्रिकेट टीम ने अपने धैर्य और निपुणता से हमें गौरवान्वित किया है! महिला एशिया कप जीतने के लिए टीम को बधाई। उन्होंने उत्कृष्ट कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया है। खिलाड़ियों को उनके आगामी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।”