भारत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर एक दिन में दो करोड़ पचास लाख से अधिक लोगों को कोविड रोधी टीके लगाकर रिकॉर्ड बनाया

भारत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर एक दिन में दो करोड़ पचास लाख से अधिक लोगों को कोविड रोधी टीके लगाकर रिकॉर्ड बनाया

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के जन्‍मदिन पर कल देश में एक ही दिन में ढाई करोड़ से अधिक वैक्‍सीन डोज देने का रिकॉर्ड बनाया। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री मनसुख मांडविया ने भारत और विश्‍व के इतिहास में इसे स्‍वर्णिम अध्‍याय बताया। मनसुख मांडविया ने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि स्‍वास्‍थ्‍य कर्मियों और देशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री को जन्‍मदिन का उपहार है। कोविन पोर्टल पर उपलब्‍ध जानकारी के अनुसार देश में अब तक लगाए गए वैक्‍सीन डोज की संख्‍या उनासी करोड़ पच्‍चीस लाख को पार गई।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि कल हुए रिकॉर्ड टीकाकरण पर प्रत्‍येक भारतीय को गर्व होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट में टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में परिश्रम कर रहे चिकित्‍सकों, अनुसंधानकर्ताओं, प्रशासकों, नर्सों, स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल और अग्रिम पंक्ति के कर्मियों का आभार व्‍यक्‍त किया। उन्‍होंने लोगों से अनुरोध किया कि वे कोविड-19 को हराने के लिए टीकाकरण को बढ़ावा दें।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की भी सराहना की, जिन्‍होंने अपनी सक्रिय भागीदारी के साथ सेवा और सम्‍पूर्ण अभियान को अंजाम दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्‍हें लोगों के जीवन में सुधार लाने के लिए कार्यकर्ताओं के निरंतर प्रयासों पर गर्व है। उन्‍होंने कहा कि अभी बहुत कुछ किया जाना है और एक सुदृढ़, खुशहाल और समावेशी भारत का लक्ष्‍य हासिल होने तक संतुष्‍ट होकर नहीं बैठना है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कल उनके जन्‍मदिन पर बधाई देने वाले सभी लोगों का आभार व्‍यक्‍त किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि कल अनेक व्‍यक्तियों और संगठनों ने समाज सेवा के नेक कार्यों में योगदान दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने मीडिया का भी आभार व्‍यक्‍त किया, जिसने उनके जीवन की पुरानी यादों और घटनाओं को उजागर किया।

Related posts

Leave a Comment