भारत और चीन के बीच सैन्य वार्ता का 19वां दौर जारी है। यह बैठक पूर्वी लद्दाख में चुशुल-मोल्दो सीमा पर भारतीय पक्ष की ओर हो रही है। इस वार्ता में भारतीय शिष्टमण्डल का नेतृत्व 14वीं कोर के कमाण्डर लेफ्टीनेन्ट जनरल राशीम बाली कर रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह वार्ता दो दिन तक चल सकती है।
भारत को आशा है कि इस वार्ता में पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर गतिरोध समाप्त होगा। इससे पहले की वार्ताओं में दोनों देशों ने व्यापक राजनयिक और सैन्य वार्ताओं के बाद विभिन्न क्षेत्रों से सेना पीछे हटाने पर सहमती व्यक्त की थी। 18वें दौर की वार्ता इस वर्ष अप्रैल में हुई थी।
भारतीय पक्ष ने देपसांग और देमचौक में लम्बित मुद्दों को सुलझाने पर अधिक दबाव डाला था। 19वें दौर की वार्ता ऐसे समय हो रही है, जब एक सप्ताह बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग दक्षिण अफ्रीका में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान आमने-सामने होंगे।
सीमा मुद्दों और परस्पर संबंधों के आयामों पर चर्चा के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने हाल ही में चीन के नये विदेश मंत्री वांग-यी के साथ मुलाकात की थी।