भारत और संयुक्त अरब अमीरात व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते का दोनों देशों के व्यापार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। भारत से संयुक्त अरब अमीरात के लिये निर्यात में जून से अगस्त की अवधि में 14 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और यह पांच अरब 92 करोड़ डॉलर हो गया है जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में यह पांच अरब 17 करोड़ डॉलर था। दोनों देशों के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता इस वर्ष पहली मई से लागू हुआ है।
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बताया कि इसी अवधि में संयुक्त अरब अमीरात से भारत के लिए आयात में मामूली बढोत्तरी हुई और यह पांच अरब 56 करोड़ डॉलर से बढकर पांच अरब 61 करोड़ डॉलर हो गया। निर्यातकों द्वारा इस समझौते के बढ़ते उपयोग और वाणिज्य प्रभाग के प्रयासों से अगले दिनों में आयात और बढ़ने की आशा है।