राजस्थान कांग्रेस में राजनीतिक संकट अखबारों की बड़ी खबर है- जनसत्ता की सुर्खी है- गहलोत के समर्थन में इस्तीफा। राजस्थान पत्रिका की टिप्पणी है- सामूहिक इस्तीफों से बाजी पलटने का दाव, गहलोत के गुगली में फंसे पायलट समर्थक, हाई कमान पर दबाव बनाने की रणनीति।
पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया-पीएफआर्इ के गिरफ्तार सदस्यों से मिली अहम जानकारी पर दैनिक जागरण का शीर्षक है- जकात और चंदे से चल रही थी आतंक की पाठशाला, फंडिंग की जांच में जुटा प्रवर्तन निदेशालय। दहशत फैलाने को यूट्यूब पर डाला गया था सिर तन से जुदा का वीडियो।
हिन्दुस्तान बिजनेस पन्ने पर लिखता है- म्यूचुअल फंड में पांच माह के अंदर 70 लाख नए खाते, पूंजी बाजार से तेजी से आ रहे नए निवेशक। खातों की कुल संख्या 13 लाख 65 हजार पहुंची। दैनिक जागरण का कहना है- त्यौहारी सीजन में बिजली आपूर्ति को पर्याप्त कोयला, पिछले साल के एक दशमलव एक करोड़ टन की तुलना में इस वर्ष कोयले का भंडार दो दशमलव पांच टन।
दैनिक भास्कर का कहना है- शिक्षा ऋण का एनपीए आठ प्रतिशत, अब लोन में आनाकानी करते हैं बैंक, शिक्षा लोन में सरकारी बैंकों की हिस्सेदारी 90 प्रतिशत। हैरत अंगेज के शीर्षक से हरिभूमि लिखता है- कि मद्रास हार्इ कोर्ट ने 115 करोड़ रुपये जमा करने को कहा था, आदेश की कॉपी से गायब कर दी गई यह लाइन। सुप्रीम कोर्ट के दो न्यायधीशो की पीठ ने हार्इ कोर्ट रजिस्ट्रार को दिया जांच का आदेश।
संयुक्त राष्ट्र महासभा में विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर के बयान को अमर उजाला ने सुर्खी दी है- आतंकियों पर प्रतिबंध लगाने से रोकना समझ से परे, विदेश मंत्री ने चीन पर साधा निशाना, आतंक को न बनाए सियासी औजार। पहले भारत दुनिया से अपनी बात कहता था, अब दुनिया करती है भारत की बात।
प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम पर पंजाब केसरी का शीर्षक है- चंडीगढ हवाई अड्डे का नाम होगा शहीद भगत सिंह हवाई अड्डा। सर्जिकल स्ट्राइक और अफ्रीकी चीतों का भी किया जिक्र, वोकल फॉर लोकल अभियान को तेज करने पर दिया जोर।