भारत-अमेरिका ने कल नई दिल्ली में व्यापार नीति मंच की 14वीं बैठक में व्यापार और निवेश में तेजी लाने के तौर-तरीकों पर चर्चा की। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा अमेरिका की व्यापार प्रतिनिधि कैथरीन ताई ने बैठक की सह-अध्यक्षता की।
दोनों पक्षों ने कहा कि आपसी व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने और समग्र आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने में व्यापार नीति मंच की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। पीयूष गोयल और कैथरीन ताई ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद वर्ष 2023 में, वस्तु और सेवा क्षेत्र में दोनों देशों के बीच व्यापार 200 अरब डॉलर से अधिक का रहा है। दोनों पक्षों ने स्वीकार किया कि दोनों देशों की अर्थव्यवस्था के आकार की तुलना में उनकी क्षमता का पूरा उपयोग होना अभी शेष है। दोनों नेताओं ने पिछले वर्ष जनवरी में व्यापार नीति मंच की 13वीं बैठक के बाद आपसी व्यापारिक संबंधों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में हुई प्रगति की भी समीक्षा की।