भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज उत्तर गुजरात के मेहसाणा जिले में मंदिरों के शहर बाहुचाराजी से गुजरात गौरव यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। गौरव यात्रा का पहला रूट कच्छ जिले के बहुचाराजी से माता नो माध तक होगा।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि जेपी नड्डा दोपहर बाद सौराष्ट्र क्षेत्र के द्वारका से पोरबंदर तक दूसरे मार्ग पर यात्रा को रवाना करेंगे। गृह मंत्री अमित शाह कल शेष तीन मार्गों पर यात्रा का शुभारंभ करेंगे।
राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा लोगों तक पहुंचने के लिए पांच अलग-अलग मार्गों पर गुजरात गौरव यात्रा शुरू कर रही है।
केन्द्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल, धर्मेंद्र प्रधान, पीयूष गोयल, मनसुख मंडाविया, पुरुषोत्तम रूपाला और अनुराग सिंह ठाकुर सहित, राज्य सरकार के मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता अलग-अलग स्थानों पर गौरव यात्रा में शामिल होंगे।
इस बीच, राज्य भाजपा ने सभी 182 विधानसभा क्षेत्रों में सरकार की विभिन्न पहलों और कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए कल “एलईडी रथ” रवाना किया।