भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर ने केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के आरोपों पर कड़ी आपत्ति व्यक्त की। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री को उन्हें साम्प्रदायिक कहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। राजीव चंद्रशेखर ने कोच्चि में कहा कि पिनाराई विजयन के शासन में केरल में कट्टरपंथी तत्वों को बढ़ावा मिला है। उन्होंने हमास नेता को हाल ही में राज्य में युवाओं को संबोधित करने का अवसर प्रदान करने के लिए राज्य सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर हमास नेता को नफरत का प्रचार करने की अनुमति दी जाती है और इस बारे में सवाल करने पर भाजपा को सांप्रदायिक कहा जाता है।
इससे पहले, राजीव चंद्रशेखर ने कलामासेरी में कन्वेंशन हॉल परिसर का दौरा किया, जहां कल हुए विस्फोटों में तीन लोगों की मृत्यु और 40 से अधिक घायल हो गए थे। उन्होंने विस्फोटों में घायल लोगों से अस्पताल जाकर मुलाकात भी की।