प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज भुवनेश्वर में उत्कर्ष ओडिशा, मेक इन ओडिशा कॉन्क्लेव का उद्घाटन किया। उत्कर्ष ओडिशा, राज्य सरकार द्वारा आयोजित प्रमुख वैश्विक निवेश सम्मेलन है। इसका लक्ष्य ओडिशा को पूर्वोदय विजन के अग्रणी और प्रमुख निवेश लक्ष्य तथा औद्योगिक केंद्र के रूप में प्रस्तुत करना है। दो दिन के इस सम्मेलन के जरिए ओडिशा का लक्ष्य पांच लाख करोड़ रूपए से अधिक का निवेश आकर्षित करना है। इससे रोजगार के साढ़े तीन लाख अवसर जुटाए जा सकेंगे।
राज्य एक बड़े औद्योगिक रूपांतरण की तैयारी कर रहा है और सम्मेलन में औद्योगिक अवसंरचना मजबूत करने और 2036 तक ओडिशा को देश के पांच शीर्ष आर्थिक राज्यों में शामिल करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। सम्मेलन में सात हजार से ज्यादा प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इनमें भारत और बारह अन्य देशों से राजनयिक, निवेशक और उद्योगपति शामिल है।
इस अवसर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरन माझी ने प्रधानमंत्री मोदी की ओडिशा की यात्राओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पिछले सात महीनों में राज्य की यह उनकी पांचवीं यात्रा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा ओडिशा के लिए महत्वपूर्ण पहल करते रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि इस बार की प्रधानमंत्री की घोषणाओं से राज्य का कायाकल्प करने में मदद मिलेगी।