प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज शहीद दिवस पर कोलकाता में विप्लवी भारत गैलरी का उद्घाटन किया। उन्होंने विकटोरिया मेमॉरियल हॉल में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इस गैलरी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने महान देश भक्तों को स्मरण करते हुए कहा कि हर बच्चा अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव के बलिदान से प्रेरणा लेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने बीरभूम में हुई हिंसा की घटनाओं के लिए दुख और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि राज्य सरकार उन लोगों को निश्चित रूप से सजा देगी जिन्होंने ये जघन्य अपराध किया है। प्रधानमंत्री ने बंगाल के लोगों से भी आग्रह किया कि ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वालों और ऐसे अपराधियों को प्रोत्साहन देने वालों को कभी माफ न करें। उन्होंने अपराधियों को पकडने के लिए राज्य सरकार को हर सम्भव सहायता देने का आश्वासन दिया।
विप्लवी भारत गैलरी उस राजनीतिक और बौद्धिक पृष्ठ भूमि को दर्शाती हैं जिसने क्रांतिकारियों के आंदोलन को प्रेरित किया।