प्रधानमंत्री मोदी आज उत्‍तर प्रदेश के महोबा और झांसी के दौरे पर; कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज उत्‍तर प्रदेश में महोबा और झांसी जिलों में अनेक परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में पानी की कमी की समस्‍या का समाधान होगा और किसानों को काफी राहत मिलेगी।

प्रधानमंत्री महोबा और झांसी में जिन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे उनमें अर्जुन सहायक परियोजना, रतौली और भावोनी बांध परियोजना तथा मझगांव-चिल्‍ली सिंचाई परियोजना शामिल है। इन सभी परियोजनाओं की कुल लागत 3 हजार 250 करोड़ रुपये से अधिक है और इनके पूरे होने पर महोबा, हमीरपुर, बांदा और ललितपुर जिलों में लगभग 65 हजार हेक्‍टेयर भूमि की सिंचाई हो सकेगी। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में पीने का पानी भी उपलब्‍ध कराया जाएगा। प्रधानमंत्री महोबा में एक रैली को भी सम्‍बोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी शाम को एक कार्यक्रम में झांसी के गरोठा में 6 सौ मेगावॉट के सौर ऊर्जा पार्क का शिलान्‍यास करेंगे। इस पार्क को तीन हजार करोड रूपये से अधिक की लागत से बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री झांसी में अटल एकता पार्क का भी उद्घाटन करेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर यह पार्क 11 करोड़ रूपये से अधिक की लागत से चालीस हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में तैयार किया गया है।

हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री मोदी राष्‍ट्र रक्षा समर्पण पर्व में रक्षा क्षेत्र के विभिन्‍न कार्यक्रमों का भी शुभारम्‍भ करेंगे। यह पर्व इस महीने की 17 से 19 तारीख तक झांसी में मनाया जा रहा है।

रक्षा क्षेत्र में आत्‍मनिर्भर भारत अभियान को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्‍वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित किए गए उपकरण सुरक्षा बलों के सेवा प्रमुखों को सौंपेंगे। आधुनिक टेक्नीक से सुसज्जित हिन्‍दुस्‍तान एयरोनॉटिक्‍स लिमिटेड द्वारा डिजाइन और विकसित लाइव कॉम्‍बैट हेलिकॉप्‍टर वायुसेना प्रमुख को सौंपा जाएगा। भारतीय स्‍टार्टअप्‍स द्वारा डिजाइन और विकसित ड्रोन यूएवी थल सेना अध्‍यक्ष को सौंपा जाएगा। डीआरडीओ द्वारा डिजाइन और भारत इले‍क्‍ट्रॉनिक्‍स लिमिटेड द्वारा नौसेना के जहाजों के लिए निर्मित उन्‍नत इलेक्‍ट्रॉनिक वॉर फेयर सूट नौसेना अध्‍यक्ष को सौंपा जाएगा।

प्रधानमंत्री झांसी में 4 सौ करोड रूपये की उत्‍तर प्रदेश रक्षा उद्योग गलियारा परियोजना का भी शिलान्‍यास करेंगे। यह परियोजना भारत डायनेमिक लिमिटेड लागू कर रहा है। इसके अंतर्गत टैंक रोधी लक्षित मिसाइलों का उत्‍पादन संयंत्र तैयार किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी एन.सी.सी. पूर्व कैडेट संगठन का भी शुभारम्‍भ करेंगे। यह संगठन एन.सी.सी. मंच से औपचारिक रूप से जुड़ेगा और राष्‍ट्र निर्माण की गतिविधियों में एन.सी.सी. का सहयोग करेगा। संगठन में पहली सदस्‍यता प्रधानमंत्री को दी जाएगी जो स्‍वयं एन.सी.सी. के कैडेट रह चुके हैं।

प्रधानमंत्री मोदी राष्‍ट्रीय समर स्‍मारक पर इलेक्‍ट्रॉनिक कियोस्‍क राष्‍ट्र को समर्पित करेंगे, जिनसे आगन्‍तुक केवल एक बटन दबाकर शहीदों को पुष्‍पाजंलि अर्पित कर सकेंगे।

Related posts

Leave a Comment