प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल अमेरिका और मिस्र की पांच दिन की यात्रा पर रवाना होंगे। विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने बताया प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला डॉ० जिल बाइडेन के निमंत्रण पर बुधवार से शुक्रवार तक अमेरिका की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री बुधवार को न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजनों का नेतृत्व करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी का बृहस्पतिवार को वाशिंग्टन में व्हाइट हाउस में परम्परागत स्वागत किया जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति और प्रथम महिला शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में राजकीय भोज देंगे। प्रधानमंत्री मोदी इसी दिन अमेरिकी संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित भी करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी प्रमुख कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों, पेशेवरों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ बातचीत करेंगे। वे भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात भी करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी, शनिवार और रविवार जून को मिस्र की यात्रा पर रहेंगे। वे मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सिसि के निमंत्रण पर काहिरा जा रहे हैं। प्रधानमंत्री की यह पहली मिस्र यात्रा होगी।