BECIL ने उन्नत प्रौद्योगिकियों और डिजिटल परिवर्तन में सहयोग को मजबूत करने के लिए सी-डैक के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

BECIL ने उन्नत प्रौद्योगिकियों और डिजिटल परिवर्तन में सहयोग को मजबूत करने के लिए सी-डैक के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

BECIL signed a MoU with C-DAC to strengthen collaboration in advanced technologies and digital transformation.

ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग कंसल्टेंट्स इंडिया लिमिटेड (बेसिल) ने उन्नत प्रौद्योगिकियों, डिजिटल परिवर्तन और क्षमता विकास के क्षेत्रों में सहयोग करने के लिए प्रगत संगणन विकास केंद्र (सी-डैक) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए है।

इस सहयोग का मुख्य उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), मशीन लर्निंग (एमएल), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), साइबर सुरक्षा, 5जी और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों में संयुक्त परियोजना कार्यान्वयन, परामर्श और तकनीकी सहायता तथा समाधान विकास करना है। इससे विभिन्न क्षेत्रों में तैयार समाधानों का विकास संभव होगा और नवीन समाधानों के प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और व्यावसायीकरण को सुगम बनाया जा सकेगा। यह साझेदारी तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने के लिए क्षमता विकास, कार्यबल कौशल उन्नयन और कौशल विकास पहलों पर भी बल देती है।

इस समझौता ज्ञापन पर बेसिल के निदेशक (ओ एंड एम), कैप्टन (आईएन) सौरव चौहान (सेवानिवृत्त), और सी-डैक के रजिस्ट्रार, निरंजन वैष्णव ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर बोलते हुए, बेसिल के सीएमडी, कमोडोर डीके मुरली (सेवानिवृत्त) ने कहा कि सी-डैक के साथ यह सहयोग उन्नत प्रौद्योगिकियों और डिजिटल परिवर्तन में बेसिल की क्षमताओं को और मजबूत करेगा। उन्होंने आगे कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्‍य दोनों संगठनों की पूरक शक्तियों का लाभ उठाते हुए, प्रभावी समाधान प्रदान करने और भारत के डिजिटल विकास में योगदान देना है।

इस साझेदारी से नवाचार को बढ़ावा मिलने, उन्नत प्रौद्योगिकियों को अपनाने में तेजी आने और भारत सरकार के डिजिटल इंडिया के दृष्टिकोण के अनुरूप एक मजबूत और भविष्य के लिए तैयार डिजिटल तंत्र के निर्माण में योगदान मिलने की उम्मीद है।

बेसिल के बारे में

ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग कंसल्टेंट्स इंडिया लिमिटेड (बेसिल) भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन एक मिनी रत्न श्रेणी-I सार्वजनिक क्षेत्र का उद्यम है। 1995 में स्थापित यह कंपनी प्रसारण, सूचना प्रौद्योगिकी और दूरसंचार के क्षेत्रों में परामर्श सेवाएं और संपूर्ण समाधान प्रदान करती है। बेसिल ने ई-गवर्नेंस, स्मार्ट सिटी, स्वास्थ्य सेवा और मानव संसाधन सेवाओं जैसे क्षेत्रों में भी अपना विस्तार किया है और सरकारी एवं निजी दोनों क्षेत्रों के संगठनों को सेवाएं प्रदान करती है।

सी-डैक के बारे में

प्रगत संगणन विकास केंद्र (सी-डैक) भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अधीन एक अनुसंधान एवं विकास संगठन है। यह उन्नत कंप्यूटिंग, उच्च प्रदर्शन कंप्यूटिंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा और सॉफ्टवेयर प्रौद्योगिकियों जैसे क्षेत्रों में कार्य करता है। सी-डैक प्रौद्योगिकियों, उत्पादों और क्षमता विकास कार्यक्रमों के विकास के माध्यम से राष्ट्रीय पहलों में सहयोग करता है।

Related posts