मध्य प्रदेश के रीवा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 24 अप्रैल को पूर्वाह्न लगभग साढे 11.30 बजे राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। वे लगभग 17,000 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस समारोह में भाग लेंगे और देश भर की सभी ग्राम सभाओं और पंचायती राज संस्थाओं को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री पंचायत स्तर पर सार्वजनिक खरीद के लिए एकीकृत ई-ग्राम स्वराज और जीईएम पोर्टल का उद्घाटन करेंगे। ईग्रामस्वराज-जीईएम एकीकरण का उद्देश्य पंचायतों को ईग्रामस्वराज प्लेटफॉर्म का लाभ उठाते हुए जीईएम के माध्यम से अपने सामान और सेवाओं की खरीद करने में सक्षम बनाना है। प्रधानमंत्री के द्वारा ईग्रामस्वराज-जीईएम एकीकरण का शुभारंभ पंचायतों को डिजिटल क्रांति का शुभारंभ करने के लिए प्रोत्साहित करेगा, इससे उन्हें आसानी से खरीद और भुगतान प्लेटफॉर्म तक पहुंच मिल सकेगी। प्रधानमंत्री मोदी के करकमलों से शुभारंभ होने वाले इस प्लेटफॉर्म का उपयोग करने के लिए पंचायतों और स्थानीय विक्रेताओं दोनों को इस पहल को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिसके परिणामस्वरुप संपूर्ण क्रेता-विक्रेता ईको-सिस्टम को विकसित करने में सहायता मिलेगी। इससे डिजिटल इंडिया कार्यक्रम को मजबूत बनाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री चुनिंदा लाभार्थियों को स्वामित्व संपत्ति कार्ड सौंपेंगे। यह देश में स्वामित्व योजना के तहत 1.25 करोड़ संपत्ति कार्ड वितरण की उपलब्धि का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आजादी का अमृत महोत्सव (एकेएएम) अभियान के लिए “समावेशी विकास” थीम का भी शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री द्वारा “आजादी का अमृत महोत्सव- समवेशी विकास” पर एक समर्पित वेबसाइट और मोबाइल ऐप का भी शुभारंभ किया जाएगा। आजादी का अमृत महोत्सव-समावेशी विकास अभियान के तहत स्वामित्व-मेरी संपत्ति, मेरा हक विषय का लक्ष्य अगस्त 2023 तक स्वामित्व योजना के तहत 1.50 करोड़ “अधिकारों के रिकॉर्ड”/संपत्ति कार्ड बनाना है। “समावेशी विकास” के तहत 9 अभियानों का राष्ट्रीय शुभारंभ आजादी का अमृत महोत्सव की थीम “विकास की ओर देखें क़दम” में 5 मंत्रालयों/विभागों को शामिल किया गया है। ग्रामीण विकास मंत्रालय, पंचायती राज मंत्रालय, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और पशुपालन और डेयरी मंत्रालय का उद्देश्य जन-केंद्रित योजनाओं की संतृप्ति में लोगों की भागीदारी का उत्सव मनाना है।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत 4 लाख से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश’ (किसी नए घर में प्रवेश करने पर किया जाने वाला समारोह) के आयोजन में प्रधानमंत्री मोदी भागीदारी करेंगे। वर्तमान में गृह प्रवेश कार्यक्रम के लिए 4.11 लाख घर तैयार हैं। प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन के तहत लगभग 7,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के भूमि पूजन समारोह में भी शामिल होंगे। इस अवसर पर रीवा जिले में जल जीवन मिशन के तहत विभिन्न कार्यों का भूमि पूजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री रीवा-इतवारी ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और अन्य रेल परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण (एसबीएम-जी), अमृत सरोवर, मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण पर्यटन विकास (होम स्टे), स्वामित्व के तहत पहलों और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाले विभिन्न विषयगत स्टालों के साथ-साथ आम जनता के लाभ के लिए एनपीआरडी-2023 के राष्ट्रीय समारोह स्थल पर एक प्रदर्शनी और जल जीवन मिशन एवं अन्य कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस एक महत्वपूर्ण अवसर के साथ-साथ भारत@2047 के लिए जागरूकता जगाने और इस संदर्भ में त्वरित गति के साथ कार्य करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में कार्य करेगा और स्थानीय संदर्भ में 2030 तक वैश्विक एसडीजी एजेंडा को प्राप्त करने के लिए संस्थागत, व्यक्तिगत, क्रॉस-संगठनात्मक और परिचालन क्षमताओं का निर्माण भी करेगा। पंचायती राज मंत्रालय ने पंचायती राज के सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के विभागों से अनुरोध किया है कि वे राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस को चिह्नित करने के लिए 24 अप्रैल, 2023 को विशेष ग्राम सभा बुलाने और प्रतिभागियों को सक्षम बनाने के लिए विस्तृत व्यवस्था करने हेतु ग्राम पंचायतों को सलाह देने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। प्रधानमंत्री की उपस्थिति में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस (एनपीआरडी) समारोह का साक्षी बनने के लिए 24 अप्रैल, 2023 को ग्राम सभा की बैठकों में इस कार्यक्रम को जोड़ा जाएगा। मध्य प्रदेश के रीवा में एनपीआरडी-2023 कार्यक्रम का दूरदर्शन द्वारा डीडी न्यूज, डीडी नेशनल और डीडी इंडिया के माध्यम से 24 अप्रैल, 2023 को सुबह 11:30 बजे से लाइव प्रसारण किया जाएगा और वेब-लिंक https:// webcast.gov.in पर लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी।