प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 मई को नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय प्रदर्शनी 2023 का उद्घाटन करेंगे। इसकी घोषणा केंद्रीय संस्कृति, पर्यटन और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास (डीओएनईआर) मंत्री जी. के. रेड्डी ने आज नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में की। उन्होंने यह भी बताया कि यह प्रदर्शनी अपनी तरह का पहला और व्यापक है जो तीन दिनों तक चलेगा।
संवाददाता सम्मेलन के दौरान जी. किशन रेड्डी ने कहा, “प्रगति मैदान में आगामी तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय प्रदर्शनी 2023 एक ऐतिहासिक आयोजन है क्योंकि ऐसा पहली बार होगा जब सरकार इस दौरान संग्रहालयों के विकास के लिए नई तकनीक और पहल का प्रदर्शन करेगी। इसमें संग्रहालय विकास, विशेषज्ञ और वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों की मदद से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। संस्कृति मंत्रालय ने अब तक 383 संग्रहालयों की स्थापना की है। इनमें से 145 संग्राहलयों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विज़न के तहत पिछले 9 वर्षों के दौरान शुरू किया गया है। अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय प्रदर्शनी 2023 अपनी तरह का सबसे बड़ा आयोजन है, जो न केवल भारतीय पेशेवरों बल्कि दुनिया भर के विशेषज्ञों को इसकी कार्यशालाओं और मास्टर कक्षाओं में भाग लेने के लिए आमंत्रित करता है।”
इस तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न विषयों (थीम) वाले संग्रहालयों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जिनकी संभावनाओं की तलाश कार्यशालाओं, सेमिनारों, मास्टर कक्षाओं, पैनल चर्चाओं और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से की जाएगी। अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय पेशेवरों, राजनयिकों, क्यूरेटरों, सलाहकारों, शिक्षाविदों और दुनिया भर के विभिन्न क्षेत्रों के छात्रों को इन गतिविधियों में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाता है।