प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की माँ हीराबेन का आज अहमदाबाद में निधन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की माँ हीराबेन का आज अहमदाबाद में निधन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की माँ हीराबेन का निधन हो गया है। उन्‍होंने आज तड़के अहमदाबाद के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे 100 वर्ष की थीं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके निधन पर ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी है। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा- “शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम… मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है।”

प्रधानमंत्री ने अपनी मां के 100वें जन्‍मदिन पर हुई मुलाकात को याद करते हुए कहा कि उनकी मां ने हमेशा विवेक के साथ कार्य करने और जीवन को पवित्रता के साथ जीने के लिए प्रोत्‍साहित किया।

वर्ष 2015 में फेसबुक के संस्‍थापक मार्क जुकरबर्ग के साथ टाउनहॉल अधिवेशन के समय प्रधानमंत्री ने मां के जीवन की कठिनाईओं को याद करते हुए कहा था कि किस प्रकार उनकी मां ने अपने बच्‍चों को विषमताओं के बीच में पाला था।

जब हम छोटे थे तो हमारा गुजारा करने के लिए वे अड़ोस पड़ोस के घरों में बर्तन साफ करना, पानी भरना, मजदूरी करना। आप कल्पना कर सकते हैं कि एक मां ने अपने बच्चों को बड़ा करने के लिए कितना कष्ट उठाया होगा और ये सिर्फ नरेन्द्र मोदी के केस में नहीं है, भारत में ऐसी लाखों माताएं है जिन्होंने अपने बच्चों के सपनों के लिए अपना पूरा जीवन आहूत कर दिया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के निधन पर विभिन्‍न नेताओं ने दुख व्यक्त किया है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शोक संदेश में कहा कि मां की मृत्यु किसी के जीवन में ऐसी शून्‍यता छोड़ जाती है जिसे भरना असंभव है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि हीरा बा ने परिवार के पालन पोषण के लिए जो संघर्ष किया वह सभी के लिए रोल मॉडल है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पीएम मोदी की मां हमेशा प्रेरणा स्रोत रहेंगी।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि एक मां के निधन से उत्‍पन्‍न हुए शून्य को भरा नहीं जा सकता है।

पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति के लिए प्रार्थना की।

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं।

Related posts

Leave a Comment