प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज केरल के त्रिशूर में एक रोड शो किया। प्रधानमंत्री मोदी की एक झलक पाने के लिए त्रिशूर में स्वराज राउंड के दोनों किनारों पर हजारों लोग एकत्र हुए। प्रधानमंत्री भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा आयोजित स्त्रीशक्ति मोदीकोप्पम नामक महिलाओं की विशाल सभा को संबोधित करने के लिए थेक्किंकडु मैदान पहुंचे। बैठक में सांसद पीटी उषा, अभिनेत्री शोभना और पार्टी नेता प्रकाश जावड़ेकर, प्रदेश अध्यक्ष के सुरेंद्रन, पूर्व सांसद सुरेश गोपी सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल में आजादी के बाद कई वर्षों तक केरल में शासन करने वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा-एलडीएफ और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट-यूडीएफ सरकारों की महिलाओं को कई बुनियादी सुविधाओं और अधिकारों से वंचित रखने के लिए आलोचना की।
प्रधानमंत्री ने त्रिशूर में आज भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा के महिला सम्मेलन को संबोधित किया। श्री मोदी ने संसद और विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण वाले कानून को वर्षों तक लंबित रखने के लिए दोनों गठबंधनों की आलोचना की।
उन्होंने कहा कि एलडीएफ और यूडीएफ दो राजनीतिक समूह होने का दिखावा कर रहे हैं, लेकिन ये दोनों एक ही हैं। उन्होंने कहा कि ये दोनों समूह इंडी गठबंधन का हिस्सा हैं, जिससे स्पष्ट है कि उनकी नीतियों या विचारधारा में कोई अंतर नहीं है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के लिए चार श्रेणियां गरीब, युवा, किसान और महिलाएं महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार ने तीन तलाक की प्रथा को समाप्त करने के अलावा नारी शक्ति वंदन अधिनियम को देश का कानून बनाना सुनिश्चित किया।
प्रधानमंत्री ने महिलाओं का जीवन सुगम बनाने के लिए सरकार के प्रयासों की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला गैस कनेक्शन, शौचालय, सैनिटरी पैड प्रदान करना, मातृत्व अवकाश बढ़ाना और अन्य निर्णयों से महिलाओं को सबसे अधिक लाभ हुआ है।