पाकिस्तान में आठ फरवरी को हुए आम चुनाव में जीत हासिल करने वाले लगभग एक दर्जन निर्दलीय प्रत्याशी पाकिस्तान मुस्लिम लीग- नवाज दल में शामिल हो गए हैं। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के संसदीय मामलों के पूर्व सदस्य चौधरी मोहम्मद अदनान को कल रावलपिंडी में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी।
इस बीच चुनाव के नतीजे आने के बाद धांधली का दावा करते हुए हजारों प्रदर्शनकारियों ने हाइवे पर यातायात रोक दिया है और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। लाहौर में पूरे सप्ताहांत हजारों लोग सड़कों पर उतरे, जिनमें से बहुत से लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
लाहौर में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के लगभग 200 समर्थकों की भीड़ को पुलिस ने लाठीचार्ज करके तितर-बितर कर दिया। पार्टी ने कल कई जगह प्रदर्शनों का आयोजन किया था। स्थानीय मीडिया के अनुसार पिछले सप्ताह चुनाव परिणामों में हेर-फेर के आरोपों को लेकर शांगला जिला मुख्यालय में प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के दो कार्यकर्ताओं की पुलिस की गोलीबारी में मृत्यु हो गई और 12 अन्य घायल हो गए।
पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी और इसके सहयोगियों ने रविवार को जारी अंतिम परिणाम के अनुसार 264 में से सर्वाधिक 95 सीटों पर विजय प्राप्त की है, जबकि नवाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज 75 सीटें जीतकर दूसरे स्थान पर है।
किसी भी एक दल को बहुमत नहीं मिलने की स्थिति में गठबंधन सरकार बनाने के लिए बातचीत जारी है। वहीं दर्जनों क्षेत्रों में चुनाव परिणामों को न्यायालयों में चुनौती दी गई है।