प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम आज शेख शाहजहां के घर छापेमारी करने के लिए पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली इलाके में गई। वहां स्थानीय निवासियों ने ईडी की टीम पर हमला कर दिया। शेख शाहजहां तृणमूल कांग्रेस संदेशखाली ब्लॉक के अध्यक्ष हैं। वे जिला परिषद के कर्माध्यक्ष भी हैं।
हालांकि ईडी की टीम के साथ केंद्रीय अर्धसैनिक बल भी थे। लेकिन लगभग दो सौ स्थानीय ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया। प्रवर्तन निदेशालय की टीम सार्वजनिक वितरण प्रणाली घोटाला मामले में शेख शाहजहां के घर छापेमारी करने गई थी।
आज के हमले में प्रवर्तन निदेशालय के दो और मीडिया के तीन कर्मी घायल हो गए हैं। फिलहाल यह टीम संदेशखाली पुलिस स्टेशन में है। प्रवर्तन निदेशालय की टीम की छापेमारी के समय पुलिसकर्मी नहीं थे।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुकांतो मजूमदार ने बताया कि आज के हमलावरों में रोहिंग्या शामिल हैं। जिन्हें राज्य सरकार का समर्थन प्राप्त है।
डॉ. सुकांतो मजूमदार पार्टी के एक कार्यक्रम में भागीदारी करने के लिए कूचबिहार जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के सत्ता में बने रहने तक इस प्रकार की और घटनाएं होती रहेंगी।