लाइबेरिया का ध्वज लगे जलपोत का सोमालिया के तट के निकट अपहरण कर लिया गया है। इसमें चालक दल के 15 सदस्य भारतीय हैं। भारतीय नौसेना हरकत में आ गई है और स्थिति की निगरानी तथा चालक दल की सुरक्षा के लिए युद्धपोत आई एन एस चेन्नई को तैनात कर दिया है।
नौसेना ने बताया कि कल इस जहाज से युनाइटेड किंगडम मेरिटाइम ट्रेड कार्पोरेशंस पोर्टल पर संदेश भेजा गया था, जिससे संकेत मिला कि करीब छह अज्ञात बंदूकधारी जहाज पर सवार हैं। अपहरण किये गए जहाज एम वी लीला नोरफोल्क की निगरानी भारतीय नौसेना के विमान से की जा रही है।
नौसेना के अधिकारियों के अनुसार चालक दल के सदस्यों के साथ संवाद स्थापित कर लिया गया है जो जहाज पर सुरक्षित हैं। भारतीय नौसेना ने कहा कि अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय से स्थिति की पूरी निगरानी की जा रही है। भारतीय नौसेना अंतरराष्ट्रीय साझेदारों और मित्रवत देशों के साथ क्षेत्र में व्यापारिक जहाजरानी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।