नागरिक विमानन मंत्रालय ने हितधारकों के प्रति पारदर्शी तरीके से जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए एक सौ दिन की योजना तैयार की है। नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कुशीनगर, देहरादून, अगरतला और ग्रेटर नोएडा के जेवर सहित चार हवाई अड्डों का उन्नयन और निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुशीनगर हवाई अड्डे में एयरबस 321 और बोइंग 737 की उडानों के लिए तैयार किया जाएगा। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि उत्तराखंड के देहरादून में हवाई अड्डे पर चार सौ 57 करोड़ रुपये के निवेश कर नया टर्मिनल भवन बनाया जाएगा। निवेश के बाद टर्मिनल भवन की वर्तमान क्षमता दो सौ पचास के मुकाबले एक हजार आठ सौ यात्रियों की हो जाएगी।
तीसरा हवाई अड्डा त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में चार सौ नब्बे करोड़ रुपये के निवेश से बनेगा। वर्तमान में इसकी प्रति घंटे पांच सौ यात्रियों की क्षमता है। इस निवेश के बाद इसकी क्षमता बढ़कर एक हजार दो सौ यात्री प्रति घंटे हो जाएगी।
चौथा हवाई अड्डा उत्तर प्रदेश के जेवर में बनेगा। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह न केवल उत्तर प्रदेश के लिए बल्कि देश के लिए भी एक महत्वाकांक्षी परियोजना है।